जाति, धर्म एवं सम्प्रदाय से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण का कार्य करें: जिलाधिकारी झांसी

75वें गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

- पंकज कुमार ‘भारती’ ब्यूरो चीफ, झांसी मंडल

झांसी जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने 75वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर सलामी दी और राष्ट्रगान किया। उन्होंने भारतीय संविधान की उद्देशिका के संकल्प को सामूहिक रूप से शपथ के साथ दोहराया।

जिलाधिकारी ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा, भारतीय संविधान की उद्देशिका के अनुसार समानता के साथ कार्य करने का संकल्प लेते हैं। आज उसी जज्बे के साथ समृद्धि, प्रगति और विकास की मंजिल तय करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, हम सभी भारतीय संविधान के आदर्शों को आत्मसात करें और प्रेरणा लेकर समृद्धि, प्रगति, विकास की ओर बढ़ें।

उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा, सरकारी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भारतीय संविधान के आदर्शों को अंगीकार करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है, आज संकल्प लेना है कि देश की प्रगति में आदर्शो को आत्मसात करेंगे। उन्होंने कहा, नकारात्मक विचारों को हटाते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो निश्चित रूप से सफल होंगे। उन्होंने इस अवसर पर निजी हित को भुलाकर समाज हित में और देश हित में कार्य करने पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस उन तमाम सारे शहीदों, बलिदानियों, संविधान निर्माताओं को स्मरण करने और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने का मौका होता है। जिनकी वजह से देश को आजाद रूप में देख रहे हैं और गणतंत्र, संविधान, स्वराज के माध्यम से प्रशासन को प्राप्त कर रहे हैं। यह राष्ट्रीय पर्व जाति, धर्म, संप्रदाय, वर्ग क्षेत्र सभी से परे है। यह पर्व गणतंत्र की ताकत को बताने और समझने का पर्व है।

उन्होंने कहा, सभी सरकारी अधिकारी, कर्मचारी पूर्ण मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। समय से सभी कार्य सम्पादित करें। उन्होंने कहा कि हम जहां भी रहें देश की एकता और अखण्डता के लिए लोगों को प्रेरित करें। जाति, धर्म एवं सम्प्रदाय से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण का कार्य करें। उन्होने कहा, वर्ग, जाति, भेद, भाषा से ऊपर उठकर हमें देश की एकता के लिए कार्य करना होगा।

झांसी के ऐतिहासिक किले से जिलाधिकारी द्वारा किए जाने वाले झंडारोहण कि कई वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा झंडारोहण किया गया एवं किले की प्राचीर से उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए नमन किया गया जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता में योगदान दिया। 

जिलाधिकारी ने रानी झांसी के किले से ध्वजारोहण के बाद जनपद वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद का हर एक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने मन मुताबिक ऐसे सदस्यों का चयन कर सकता है, जो उनके लिए अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, अवस्थापना सुविधाएं, रोजगार के साधन तथा जीवन को अच्छा बनाने की हर प्रकार की व्यवस्था व सुशासन दे सके। आने वाले समय में लोकसभा के चुनाव होंगे मतदाता को 5 साल में मतदान का मौका प्राप्त होता है इसलिए हर एक की जिम्मेदारी बनती है कि वह मतदान करें और अपने आसपास के लोगों को प्रेरित करें।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जिलाधिकारी ने उन्हें इस अवसर पर सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दी।

ध्वजारोहण के अवसर पर उपाध्यक्ष झांसी विकास प्राधिकरण  आलोक यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी न्याय श्रीमती श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ए.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरूण कुमार पांडेय, सचिव जेडीए श्रीमती उपमा पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट विधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य नागरिक जन उपस्थित रहे।

 

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पक्षी आपका भाग्य बदले

जन्म कुंडली में वेश्यावृति के योग

भृगु संहिता के उपचार