रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नामांकन किया

भारतीय जनता पार्टी का लखनऊ की सीट पर 1991 से लगातार कब्जा है

18वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को मैदान में उतारा है। राजनाथ सिंह लखनऊ सीट से भाजपा की नौंवी जीत के लिए मैदान में उतरे हैं

- संदीप कुमार

रक्षामंत्री और लखनऊ से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजनाथ सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भारतीय जनता पार्टी के कई नेता भी मौजूद रहे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाली लखनऊ संसदीय सीट से तीसरी बार मैदान में हैं। ज्ञात हो कि लखनऊ में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। नामांकन का अंतिम दिन 3 मई है।

भारतीय जनता पार्टी का लखनऊ की सीट पर 1991 से लगातार कब्जा है

1991 से लगातार इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। 10वीं लोकसभा के लिए 1991 में हुए आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी अटल बिहारी वाजपेयी ने कांग्रेस के रणजीत सिंह को परास्त किया था। अटल जी को 194,886 (50.90 प्रतिशत) वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के खाते में 77583 (20.26 प्रतिशत) वोट आए। 1 लाख 17 हजार 303 वोटों के अंतर से अटल जी चुनाव जीते। इस जीत के बाद अटल जी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा, और 1996, 1998, 1999 और 2004 के चुनाव में जीत दर्ज की।

विशेष बात यह रही कि हर चुनाव में जीत का अंतर अटल जी बड़ा करते रहे। 1996 के चुनाव में अटल जी ने समाजवादी पार्टी के सिने स्टार राज बब्बर को हराया। 1998 के चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मशहूर फिल्म निर्देशक मुजफ्फर अली का परास्त किया। 1999 और 2004 के चुनाव में अटल जी ने क्रमशः कांग्रेस के राजा कर्ण सिंह और समाजवादी पार्टी  की डा. मधु गुप्ता को शिकस्त दी। 2004 के बाद अटल जी स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय राजनीति से दूर हो गए। 

लखनऊ की लोकसभा सीट को लालजी टंडन ने अटल जी की विरासत आगे बढ़ाया

अटल बिहारी वाजपेयी के सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने के बाद लखनऊ सीट से अटल जी के निकट सहयोगी पूर्व मंत्री लालजी टंडन ने 2009 के आम चुनाव में जीत हासिल की। टण्डन ने कांग्रेस उम्मीदवार डा. रीता बहुगुणा जोशी को हराया। 2014 के आम चुनाव में भाजपा की टिकट पर उ.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह मैदान में उतरे। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी डा. रीता बहुगुणा जोशी को 2 लाख 72 हजार 749 मतों के अंतर से पराजित किया। 

राजनाथ 2019 में दोबारा जीते

2019 के आम चुनाव में दूसरी बार राजनाथ सिंह भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरे। उनका मुकाबला सपा की पूनम शत्रुघन सिन्हा और कांग्रेस के आचार्य प्रमोद कृष्णन से था। राजनाथ सिंह ने सपा उम्मीदवार पूनम शत्रुघन सिन्हा को 3 लाख 47 हजार 302 मतों के अंतर से परास्त किया। राजनाथ सिंह को 633,026 (56.64 प्रतिशत) और पूनम सिन्हा को 285,724 (23.57 प्रतिशत) वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी 180,011 (16.11प्रतिशत) वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे।

18वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को मैदान में उतारा है। राजनाथ सिंह लखनऊ सीट से भाजपा की नौंवी जीत के लिए मैदान में उतरे हैं। इस जीत के साथ उनकी जीत की भी हैट्रिक हो जाएगी। सपा ने विधायक रविदास मेहरोत्रा पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं बसपा ने सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है।




 

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पक्षी आपका भाग्य बदले

जन्म कुंडली में वेश्यावृति के योग

भृगु संहिता के उपचार